नई दिल्ली. श्रेयस अय्यर अपनी कप्तानी में लगातार सफलता की सीढ़ी चढ़ते जा रहे हैं. वह बतौर कप्तान लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने के करीब हैं. श्रेयस का कहना है कि आरसीबी के खिलाफ फाइनल जीतने के बाद उनका काम पूरा होगा. फाइनल से एक दिन पहले श्रेयस ने कहा कि अभी उनका काम अधूरा है.पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स को अपनी कप्तानी में खिताब दिलाने वाले अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार को 41 गेंद में नाबाद 87 रन बनाकर 11 साल में पहली बार पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाया. खिताब के लिए पंजाब का सामना फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से होगा.
श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने आईपीएल के इस सत्र में करीब 176 की स्ट्राइक रेट से छह अर्धशतक समेत 16 पारियों में 603 रन बनाए हैं. अय्यर ने फाइनल से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘टीम के लिए मैच जीतना सबसे अच्छा अहसास है. और दबाव के हालात में तो मैं इसे अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी कहूंगा. मैं हालात के अनुरूप खेलने की कोशिश करता हूं. और ज्यादा आगे की नहीं सोचता. अगर मैं लक्ष्य का पीछा कर रहा हूं तो जरूरी रनरेट देखता हूं और यह कि विकेट कैसा है और कौन से गेंदबाज आने हैं.’
उन्होंने कहा ,‘इसके आधार पर ही मैं रणनीति बनाता हूं और मैच को आखिर तक ले जाने की कोशिश करता हूं.’ अय्यर ने कहा कि काम अभी आधा हुआ है लिहाजा रविवार को उनका जश्न मनाने का मन नहीं हुआ. उन्होंने कहा ,’अभी काम पूरा नहीं हुआ है. हमें कल एक और मैच खेलना है. मैं यही सोच रहा हूं कि अभी काम अधूरा है. मुझे कल फिर खेलना है.’ उन्होंने कहा कि टीम में बाकी खिलाड़ियों के योगदान से उन्हें खुलकर खेलने में मदद मिली. उन्होंने कहा ,‘कप्तान का काम अपने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराना है. हमने टूर्नामेंट में अच्छी शुरूआत की और उस लय को बनाये रखा. इसमें सभी ने योगदान दिया.’
श्रेयस अय्यर ने कोच रिकी पोंटिंग की तारीफ करते हुए कहा ,‘वह शानदार कोच हैं और वह सभी को बराबरी से देखते हैं. इससे हर खिलाड़ी का मनोबल बढता है. चाहे जूनियर हो या सीनियर. इससे उन्हें खुलकर खेलने की आजादी मिलती है.’